राष्ट्रिय

बदला डीडी न्यूज़ के Logo का रंग, विपक्ष ने लगाया चैनल के भगवाकरण का आरोप

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता न्यूज

नई दिल्ली: सरकारी स्वामित्व वाले प्रसारक प्रसार भारती ने दूरदर्शन के हिंदी समाचार चैनल ‘ डीडी न्यूज’ का लोगो बदलकर लाल से ‘भगवा’ कर दिया है, जिसे लेकर विपक्ष और मीडिया विशेषज्ञों ने आरोप लगाया है कि प्रसार भारती ने सरकारी चैनल का ‘भगवाकरण’ कर दिया है। हालांकि सरकार की ओर से सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि लोगो के रंग परिवर्तन से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई जुड़ाव नहीं है।

इस संबंध में प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने आलोचना को खारिज करते हुए कहा, “लोगो का रंग नारंगी है। छह से सात महीने पहले हमने जी-20 से पहले डीडी इंडिया का लोगो उसी रंग में बदला था। उसी क्रम में दूरदर्शन के हिंदी समाचार चैनल ने भी उसी रंग को अपनाया है। दशकों में लोगो के रंग कई बार बदले हैं और विभिन्न रंग संयोजनों की कोशिश की गई है। चैनल को अलग करने के लिए दृश्य सौंदर्यशास्त्र को ताज़ा करने की आवश्यकता है।”

जवाहर सरकार, जो 2012 से 2016 तक प्रसार भारती के सीईओ थे और वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने लोगो के रंग परिवर्तन को “भगवाकरण” का दूसरा रूप बताया और कहा कि मोदी सरकार में प्रसार भारती अब “प्रचार भारती” में बदल गया है। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट रूप से भगवाकरण है, जो केवल दूरदर्शन ही नहीं विभिन्न संस्थानों में हो रहा है।”

वहीं सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स सरकार और प्रसार भारती की आलोचना कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी है जो नए लोगो की तारीफ भी कर रहे हैं।

Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।