
TVS Scooter: दोपहिया और तिपहिया वाहनों की ग्लोबल निर्माता टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) ने टीवीएस जुपिटर डुअल-टोन स्पेक्ट्रल रेंज लॉन्च की है। यह भारत के लोकप्रिय फैमिली स्कूटर टीवीएस जुपिटर का नया और आकर्षक एडिशन है। नई रेंज के तहत 110 सीसी स्कूटर सेगमेंट में दो नए डुअल-टोन स्पेक्ट्रल कलर- स्पेक्ट्रल ब्लू और स्पेक्ट्रल कॉपर पेश किए गए हैं।
नए रंगों के साथ मैचिंग इनर पैनल, सीट का नया कलर और पार्शियल क्रोम मिरर स्कूटर को आकर्षक और आधुनिक लुक देते हैं। कंपनी के मुताबिक, टीवीएस जुपिटर अपने सेगमेंट में स्टाइल, आराम और तकनीक का बेहतर संयोजन पेश करता है।
आराम और सुविधा पर खास जोर
नई डुअल-टोन रेंज में रोजमर्रा की राइड को और आरामदायक बनाने के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं। इसमें राइडर और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए इंटीग्रेटेड बैकरेस्ट वाली प्रीमियम लंबी सीट दी गई है।
स्कूटर में सेगमेंट-फर्स्ट सीक्वेंशियल टर्न सिग्नल लैंप (TSL) दिए गए हैं, जो खास लाइटिंग सिग्नेचर के साथ बेहतर विजिबिलिटी प्रदान करते हैं। इसके अलावा, चलते समय आसानी से डिवाइस चार्ज करने के लिए USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है।
टीवीएस जुपिटर में 33 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है, जिसमें कंपनी के अनुसार दो हेलमेट तक रखे जा सकते हैं। इसके अलावा, स्कूटर में कनेक्टेड टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो राइडिंग अनुभव को और बेहतर बनाती है।
कंपनी ने क्या कहा?
नए मॉडल के लॉन्च पर टीवीएस मोटर कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, हेड-कम्यूटर एंड ईवी बिजनेस और हेड-कॉरपोरेट ब्रांड एंड मीडिया अनिरुद्ध हल्दर ने कहा कि युवाओं और शहरी भारतीय परिवारों का रुझान नए अनुभवों, बेहतर डिजाइन और आधुनिक तकनीक की ओर लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही रोजमर्रा की मोबिलिटी को लेकर उनकी उम्मीदें भी बदल रही हैं।
उन्होंने कहा कि टीवीएस जुपिटर ने भारत में स्कूटर के चलन को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने लाखों परिवारों का प्यार और भरोसा हासिल किया है और ‘भारत का स्कूटर’ होने का दर्जा प्राप्त किया है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले वर्षों में टीवीएस जुपिटर में लगातार बदलाव और नए फीचर्स जोड़े गए हैं, ताकि यह परिवारों की बदलती जरूरतों पर खरा उतर सके। अब नए डुअल-टोन मॉडल के जरिए इसके डिजाइन और फीचर्स को और बेहतर बनाते हुए इस सफर को आधुनिक अंदाज में आगे बढ़ाया गया है।
दमदार इंजन और बेहतर परफॉर्मेंस
नई टीवीएस जुपिटर डुअल-टोन स्पेक्ट्रल रेंज में 113.3 सीसी, सिंगल-सिलेंडर, 4-स्ट्रोक इंजन दिया गया है। यह इंजन TVS iGO Assist के साथ 5.9 kW की पावर और 9.8 Nm तक का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक, इससे बेहतर एक्सेलरेशन और ईंधन दक्षता मिलती है।
टीवीएस जुपिटर पिछले 13 वर्षों से भारतीय परिवारों की बदलती जरूरतों के साथ आगे बढ़ रहा है। कंपनी के अनुसार, 2024 में पेश किए गए नए टीवीएस जुपिटर में अपने वर्ग के सर्वश्रेष्ठ और सेगमेंट-फर्स्ट 29 फीचर्स शामिल किए गए थे। नई डुअल-टोन स्पेक्ट्रल रेंज इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए स्टाइल, आराम, सुविधा और तकनीक का बेहतर पैकेज पेश करती है।




