रांची

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे से पहले चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, डीसी का अधिकारियों को निर्देश

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2025 को प्रस्तावित परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में राष्ट्रपति दौरे की तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत-सत्कार एवं कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित विभागों को उनके कार्यों की स्पष्ट जिम्मेदारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति महोदया का दौरा त्रुटिरहित तरीके से संपन्न होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त द्वारा रांची में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों एवं अन्य संभावित स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था आदि सभी बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की। रुटलाइन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित परिभ्रमण हेतु सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी और कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन कुमार सिन्हा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक, यातायात कैलाश करमाली, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला नजरत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, योजना पदाधिकारी सहित पेयजल, सड़क, बिजली, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।