{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"ai_enhance":1,"remove":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गुमला: गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। कोनबीर-गुमला मुख्य मार्ग पर तेतरा पहाड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने रांची रिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक कोनबीर की ओर से गुमला जा रहा था। इसी दौरान तेतरा पहाड़ के पास सड़क के एक खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान सरयडीह निवासी समसम किंडो (18 वर्ष) और गुड़ाम निवासी दीपक कच्छप (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं भागीडेरा निवासी टिंकू सिंह (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया था।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायल टिंकू सिंह को तत्काल बसिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रांची पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया।
पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद पुलिस ट्रक और दुर्घटना की परिस्थितियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एक ही हादसे में तीन दोस्तों की मौत की खबर से मृतकों के गांवों में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलते ही तीनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों युवक आपस में अच्छे दोस्त थे और एक साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।







