
बडगाम: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को बडगाम जिले के यूसमर्ग के ऊपरी और घने जंगलों में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ा एंटी-टेरर ऑपरेशन शुरू किया। इलाके में संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि आतंकियों का एक संदिग्ध समूह पुलवामा जिले के पाखरपोरा इलाके से निकलकर बडगाम के यूसमर्ग की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने संभावित रास्तों और जंगल से सटे इलाकों में नाकेबंदी मजबूत कर दी। इसके बाद जवानों ने ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का सामना हथियारबंद आतंकियों से हुआ। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ठिकाने के करीब पहुंचते ही आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई। पहाड़ी और घने जंगल वाले क्षेत्र में दोनों ओर से भीषण गोलीबारी जारी है।
भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के कारण फिलहाल मुठभेड़ में किसी के हताहत होने या आतंकियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है, ताकि आतंकियों को जंगल और पहाड़ी रास्तों का फायदा उठाकर भागने का मौका न मिले।
ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षाबलों की ओर से आधुनिक निगरानी तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में ड्रोन और थर्मल इमेजिंग उपकरणों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, आसपास के बेस कैंप से अतिरिक्त जवानों को भी मौके की ओर भेजा गया है।
सुरक्षाबल इलाके में संभावित ठिकानों की लगातार तलाशी ले रहे हैं। फिलहाल ऑपरेशन जारी है और मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।




