रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक आर्मी जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमन कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमन कुमार यादव का शव धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित एचएमटीपी गोलचक्कर के पास बने एक साइकिल शेड में फंदे से लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान भी बरामद किया है, जिनमें रस्सी, लाइटर, मोबाइल फोन और सिगरेट शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी कोई अहम जानकारी मिल सके।
बताया जा रहा है कि अमन यादव रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के पास का रहने वाला था। उसके पिता के अनुसार अमन भारतीय सेना में तैनात था और उसकी पोस्टिंग दिल्ली में थी। वह होली की छुट्टी में घर आया हुआ था और सोमवार को उसे वापस ड्यूटी पर लौटना था।
परिजनों ने बताया कि अमन की शादी हाल ही में 20 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद वह ड्यूटी पर वापस चला गया था और छुट्टी के दौरान घर आया था। ऐसे में उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।
घटनास्थल की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनसे मामला और भी संदिग्ध लग रहा है। बताया जा रहा है कि जिस स्थिति में शव मिला, उसमें अमन के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। देखने में ऐसा लग रहा था जैसे वह खड़ा हो, जिससे यह घटना सामान्य आत्महत्या जैसी प्रतीत नहीं हो रही है।
हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।














